विहिप जिलाध्यक्ष नित्यानंद उपाध्याय की माता के निधन पर व्यापारियों व क्षेत्रीय लोगों ने जताया शोक
प्रमुख समाचार, मेजा (प्रयागराज)।
मेजा रोड बाजार स्थित व्यापार मंडल कार्यालय शुक्रवार को भावुक माहौल का साक्षी बना, जब विश्व हिंदू परिषद के जिलाध्यक्ष एवं व्यापार मंडल के संरक्षक नित्यानंद उपाध्याय की माता स्वर्गीय हीरावती देवी की स्मृति में श्रद्धांजलि सभा आयोजित की गई। शोकसभा में व्यापारियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और क्षेत्रीय लोगों ने बड़ी संख्या में पहुंचकर दिवंगत आत्मा को श्रद्धासुमन अर्पित किए तथा दो मिनट का मौन रखकर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी।
सभा को संबोधित करते हुए व्यापार मंडल अध्यक्ष पप्पू उपाध्याय ने कहा कि हीरावती देवी का जीवन त्याग, सेवा और संस्कारों की मिसाल था। वह केवल अपने परिवार की ही नहीं बल्कि पूरे क्षेत्र की मातृशक्ति थीं। उनके घर का दरवाजा हमेशा जरूरतमंदों के लिए खुला रहता था। उन्होंने कहा कि समाज में ऐसे व्यक्तित्व विरले ही देखने को मिलते हैं, जिनकी कमी लंबे समय तक महसूस की जाती है।
महामंत्री ओ.पी. पांडेय ने कहा कि हीरावती देवी ने अपने जीवन में सादगी और मानवीय मूल्यों को सर्वोच्च स्थान दिया। उनके संस्कारों का ही परिणाम है कि उनका परिवार आज सामाजिक और धार्मिक कार्यों में अग्रणी भूमिका निभा रहा है। उन्होंने कहा कि उनके जीवन से नई पीढ़ी को सेवा, समर्पण और संवेदनशीलता की सीख मिलती रहेगी।
वक्ताओं ने बताया कि स्वर्गीय हीरावती देवी ने अपने शतायु जीवन में अनेक गरीब परिवारों की मदद की। गांव की कई बेटियों के विवाह में उन्होंने आर्थिक सहयोग प्रदान किया और जरूरतमंद परिवारों की सहायता के लिए हमेशा आगे रहीं। उनके स्नेह और सहयोग के कारण अनेक परिवार आज भी उन्हें श्रद्धा और सम्मान के साथ याद करते हैं। यही कारण है कि उनके निधन की खबर से मेजा रोड बाजार के साथ-साथ पांती गांव और आसपास के क्षेत्रों में शोक की लहर दौड़ गई।
इस अवसर पर विहिप जिलाध्यक्ष नित्यानंद उपाध्याय ने अपनी माता को याद करते हुए भावुक स्वर में कहा कि माता-पिता का साया जीवन की सबसे बड़ी पूंजी होता है। उन्होंने कहा कि सौ वर्ष तक मां का स्नेह और आशीर्वाद मिलना उनके लिए सौभाग्य की बात रही। उन्होंने कहा कि मां ने हमेशा परिवार को संस्कार, सेवा और धर्म के मार्ग पर चलने की प्रेरणा दी। उनका जाना व्यक्तिगत क्षति ही नहीं, बल्कि पूरे समाज की क्षति है।
शोकसभा में उपस्थित लोगों ने हीरावती देवी के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी तथा ईश्वर से दिवंगत आत्मा की शांति और परिजनों को दुख सहने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की।
इस अवसर पर ओपी पान्डेय,दर्शन तिवारी, कमलेश पांडेय, मुकेश शुक्ला, मुन्ना पांडेय, राजकुमार यादव, आशुतोष प्रजापति, रामचंद्र माली, रोहित तिवारी, नीरज यादव, रमेश उपाध्याय, अमित माली सहित बड़ी संख्या में व्यापारी, सामाजिक कार्यकर्ता एवं क्षेत्रीय नागरिक उपस्थित रहे।
टिप्पणियाँ