औंता में भजन संध्या ने बांधा समां, पं. पवन तिवारी के भजनों पर देर रात तक झूमते रहे श्रद्धालु
प्रमुख समाचार, मेजा (प्रयागराज)।
विकासखंड उरुवा के औंता गांव में ब्लॉक प्रमुख आरती पप्पू गौतम के आवास पर आयोजित सात दिवसीय श्रीमद्भागवत कथा एवं धार्मिक अनुष्ठान का समापन भव्य रूप से संपन्न हुआ। कथा की पूर्णाहुति के बाद आयोजित भजन संध्या श्रद्धालुओं के लिए आकर्षण का केंद्र रही, जहां दूर-दूर से पहुंचे लोगों ने भक्ति रस में डूबकर देर रात तक भजनों का आनंद लिया।
भजन संध्या में देश के चर्चित भजन गायक एवं "जूनियर अनूप जलोटा" के नाम से प्रसिद्ध पंडित पवन तिवारी ने अपनी मधुर प्रस्तुतियों से पूरे वातावरण को भक्तिमय बना दिया। उन्होंने भगवान श्रीराम, श्रीकृष्ण और हनुमान जी की महिमा का गुणगान करते हुए एक से बढ़कर एक भजन प्रस्तुत किए। जैसे-जैसे भजनों की स्वर लहरियां गूंजती रहीं, श्रद्धालु भी भक्ति में सराबोर होकर झूमते और जयकारे लगाते रहे।
इससे पूर्व वैदिक मंत्रोच्चार के बीच कथा की पूर्णाहुति कराई गई। यज्ञ में आहुतियां अर्पित कर क्षेत्र की सुख-समृद्धि, शांति और जनकल्याण की कामना की गई। आयोजन स्थल पर पूरे दिन श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा। कथा समापन के अवसर पर प्रसाद वितरण भी किया गया।
कार्यक्रम के दौरान आयोजकों द्वारा आगंतुक अतिथियों एवं विशिष्ट जनों का महावीर हनुमान की प्रतिमा और अंगवस्त्र भेंट कर सम्मान किया गया। भजन गायक पंडित पवन तिवारी को भी स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया। सम्मान समारोह के दौरान उपस्थित लोगों ने उनके संगीत और भक्ति के प्रति समर्पण की सराहना की।
इस अवसर पर ब्लॉक प्रमुख आरती पप्पू गौतम ने कहा कि धार्मिक आयोजन केवल आस्था के कार्यक्रम नहीं होते, बल्कि समाज को एकजुट करने और नई पीढ़ी को भारतीय संस्कृति एवं संस्कारों से जोड़ने का माध्यम भी बनते हैं। उन्होंने आयोजन को सफल बनाने में सहयोग करने वाले सभी ग्रामीणों, श्रद्धालुओं एवं सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त किया।
कार्यक्रम में पूर्व मंत्री राकेशधर त्रिपाठी, कुंवर गौरव सिंह, रजत यादव, शाश्वत दुबे, प्रमोद त्रिपाठी, पप्पू सिंह, लल्लू सिंह, नीरज कुमार द्विवेदी सहित बड़ी संख्या में क्षेत्रीय गणमान्य लोग एवं श्रद्धालु उपस्थित रहे। पूरे आयोजन के दौरान गांव का वातावरण भक्ति, श्रद्धा और उत्साह से ओत-प्रोत बना रहा।
टिप्पणियाँ