बेटी की शादी से पहले पिता की सड़क हादसे में मौत, खुशियों भरे घर में पसरा मातम
प्रयागराज। मेजा क्षेत्र से एक बेहद दर्दनाक घटना सामने आई है, जहां बेटी की शादी की खुशियां देखते ही देखते मातम में बदल गईं। शादी का कार्ड बांटने निकले पिता की सड़क हादसे में दर्दनाक मौत हो गई।
मिली जानकारी के अनुसार, मेजा थाना क्षेत्र के पकरी सेवार रामनगर निवासी 53 वर्षीय राजमणि यादव मंगलवार सुबह अपनी छोटी बेटी की शादी का निमंत्रण देने के लिए बाइक से निकले थे। वह अपनी बड़ी बेटी के ससुराल जारी बाजार की ओर जा रहे थे। घर में 30 अप्रैल को होने वाली शादी को लेकर तैयारियां जोरों पर थीं और परिवार में खुशी का माहौल था।
इसी बीच घूरपुर थाना क्षेत्र के गौहनिया-करछना मार्ग पर करमा चौकी अंतर्गत हथिगन गांव के पास करीब 11:50 बजे हादसा हो गया। बताया जा रहा है कि एक डंपर को ओवरटेक करने के दौरान उनकी बाइक अनियंत्रित हो गई। सामने से आ रहे वाहन से बचने की कोशिश में संतुलन बिगड़ने से वह सड़क पर गिर पड़े। तभी पीछे से आ रहे डंपर का पिछला पहिया उनके सिर के ऊपर से गुजर गया, जिससे मौके पर ही उनकी मौत हो गई।
हादसे के बाद चालक वाहन लेकर मौके से फरार हो गया। सूचना पर करमा चौकी इंचार्ज राजेश राय पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और शव को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू की।
परिवार में राजमणि यादव के तीन बेटे और दो बेटियां हैं। बड़ी बेटी की शादी हो चुकी है, जबकि छोटी बेटी की शादी 30 अप्रैल को तय है। इस हादसे के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है और पूरे गांव में शोक की लहर है।
घूरपुर थाना प्रभारी दिनेश सिंह ने बताया कि आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं। जल्द ही डंपर और उसके चालक की पहचान कर कार्रवाई की जाएगी।
टिप्पणियाँ