स्नातक व शिक्षक MLC चुनाव में पहली बार ऑनलाइन मतदाता सूची — प्रयागराज के युवक अक्षय उपाध्याय की जनहित याचिका का असर
स्नातक व शिक्षक MLC चुनाव में पहली बार ऑनलाइन मतदाता सूची — प्रयागराज के युवक अक्षय उपाध्याय की जनहित याचिका का असर
प्रयागराज | 05 नवम्बर 2025
विधान सभा और लोक सभा चुनाव की तर्ज पर अब शिक्षक व स्नातक कोटे के विधान परिषद (MLC) चुनावों में भी मतदाता सूची तकनीकी माध्यम से तैयार की जाएगी। इस बार मतदाता सूची में तकनीकी प्रणाली का प्रयोग किया जाएगा, जिससे त्रुटियों में कमी आएगी और प्रक्रिया अधिक पारदर्शी बनेगी।
अब तक यह पूरा कार्य मैनुअल रूप से होता था, जिसके चलते कई बार मतदाताओं के नाम छूट जाते थे या गलत दर्ज हो जाते थे। इस बार पहली बार ऑनलाइन मतदाता पंजीकरण की सुविधा उपलब्ध कराई गई है।
इस पहल के पीछे प्रयागराज जिले के मेजा क्षेत्र के नवयुवक अक्षय उपाध्याय, जोकि माननीय उच्च न्यायालय इलाहाबाद में अधिवक्ता हैं, की महत्वपूर्ण भूमिका रही है। उन्होंने विधानसभा और लोकसभा चुनावों की तर्ज पर MLC चुनावों में भी ऑनलाइन पंजीकरण की सुविधा शुरू किए जाने की मांग को लेकर उत्तर प्रदेश चुनाव आयोग को पत्र भेजा था।
लेकिन जब कोई कार्रवाई नहीं हुई तो अक्षय उपाध्याय ने 21 मार्च 2025 को जनहित याचिका (PIL संख्या 636/2025) दाखिल की, जिसमें उन्होंने शिक्षक और स्नातक कोटे के मतदाताओं के लिए ऑनलाइन सुविधा की मांग की।
लंबी सुनवाई के बाद 17 जुलाई 2025 को माननीय मुख्य न्यायाधीश की खंडपीठ ने उत्तर प्रदेश इलेक्शन कमीशन से जवाब तलब किया। आयोग ने अपने हलफनामे में बताया कि उसने उत्तर प्रदेश इलेक्ट्रॉनिक कॉरपोरेशन लिमिटेड को ऑनलाइन मतदाता पंजीकरण की सुविधा विकसित करने का प्रस्ताव भेजा है।
यह प्रयागराज क्षेत्र के लिए गर्व की बात है कि स्थानीय युवक अक्षय उपाध्याय के प्रयासों से पूरे प्रदेश में अब शिक्षक और स्नातक MLC चुनावों में भी लोग ऑनलाइन माध्यम से मतदाता बन सकेंगे। इस तकनीकी सुविधा से अब मतदाताओं को कागजी कार्यवाही और बार-बार कार्यालयों के चक्कर लगाने से राहत मिलेगी।
टिप्पणियाँ