समहन में राधा-कृष्ण की दिव्य लीलाओं में डूबे श्रद्धालु : धनंजय दास महाराज ने प्रेम, भक्ति और समर्पण का दिया संदेश

समहन में राधा-कृष्ण की दिव्य लीलाओं में डूबे श्रद्धालु

धनंजय दास महाराज ने प्रेम, भक्ति और समर्पण का दिया संदेश

 मेजा, प्रयागराज । विकासखंड उरुवा के अंतर्गत समहन गाँव में चल रही श्रीमद्भागवत कथा के पाँचवें दिन सोमवार को मथुरा पीठ वृंदावन के पूज्य धनंजय दास महाराज ने अपने मधुर प्रवचनों से श्रद्धालुओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। उन्होंने राधा रानी के जन्म, गोवर्धन पूजा और माखन चोरी की दिव्य लीलाओं का विस्तारपूर्वक वर्णन किया।

धनंजय दास महाराज ने कहा कि राधा-कृष्ण की लीलाएँ केवल भक्ति की कथा नहीं, बल्कि जीवन का परम संदेश हैं।
उन्होंने कहा कि ,“प्रेम में कोई स्वार्थ नहीं होता, सेवा में कोई अहंकार नहीं होता और समर्पण में कोई भय नहीं होता। जब मनुष्य अपने हृदय से ईश्वर को पुकारता है, तभी सच्ची भक्ति का उदय होता है। भागवत कथा आत्मा को ईश्वर से जोड़ने का सेतु है।”

कथा स्थल पर भजन, कीर्तन और शंखनाद से पूरा वातावरण भक्तिमय हो उठा। श्रद्धालुओं की भारी भीड़ के बीच भक्ति और आनंद का समागम देखने योग्य था।

इस कथा के मुख्य यजमान हृदयनारायण पाण्डेय रहे, जबकि यह आयोजन स्वर्गीय सोनपत्ती देवी की पावन स्मृति को समर्पित किया गया है।

आयोजक प्रमुख राहुल पाण्डेय (शुभम) ने बताया कि यह कथा केवल धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि ग्रामवासियों के लिए आत्मिक नवजागरण का अवसर है। उन्होंने कहा, “हमारा उद्देश्य है कि गाँव का हर व्यक्ति प्रेम, नैतिकता और सहयोग की भावना से जुड़े। धर्म तभी सार्थक है जब वह समाज के हित में जागरूकता लाए।”

कथा प्रतिदिन दोपहर 3 बजे से सायं 6 बजे तक चल रही है। आगामी 30 अक्टूबर को हवन एवं भंडारा का आयोजन होगा, जिसमें आसपास के गाँवों से भी श्रद्धालुओं के पहुँचने की संभावना है।

भजन और कीर्तन से गूंजता कथा परिसर श्रद्धा और भक्ति से सराबोर रहा। श्रद्धालुओं ने प्रेम और भक्ति भाव से कथा का रसपान किया।

इस दौरान शिवचंद पाण्डेय, शशिकांत पाण्डेय, कृष्ण चंद्र पाण्डेय, रजनीश पाण्डेय, अंकित पाण्डेय, कार्तिकेय पाण्डेय, वेद पाण्डेय, आयुषी पाण्डेय, समृद्धि पाण्डेय एवं समस्त पाण्डेय परिवार सहित भारी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।

#प्रमुखसमाचार #प्रयागराज #मेजा #भागवतकथा #राधाकृष्ण #भक्ति #धनंजयदासमहाराज

टिप्पणियाँ

इस ब्लॉग से लोकप्रिय पोस्ट

किसान/फार्मर रजिस्ट्री कराकर, किसान कई तरह के लाभों के होंगे पात्र

जनपद में दिव्यांगजनों के लिए विशेष अभियान शुरू

प्रयागराज: बड़ौदा स्वरोजगार विकास संस्थान में निःशुल्क 12-दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम शुरू