वाह जिला पंचायत प्रयागराज;ऐसी सड़क बनाई की यातायात ठप, पैदल चलना भी मुश्किल
मेजा, प्रयागराज।सड़क निर्माण से जुड़ी सभी कार्यदायी संस्थाएं यातायात को सुलभ और सहज बनाने के लिए काम करती हैं। जिला पंचायत एक ऐसी संस्था है जो सड़क निर्माण के लिए लाखों रुपये खर्च करने के बाद यातायात ही ठप कर देती है। मेजारोड में कोहड़ार चौराहे से स्टेशन मार्ग पर फिलहाल यही हालत है जहां निर्माण के बाद इस मार्ग से दोपहिया वाहनों का निकलना भी मुश्किल है।
जिला पंचायत द्वारा जून महीने में लाखों रुपये बजट से मेजारोड में स्टेशन संपर्क मार्ग का निर्माण कराया गया। यह मार्ग घटिया निर्माण की
वजह से बनने के साथ ही उखड़ने लगा था। डामर की कमी से पूरे सड़क में गिट्टियां बेतरतीब फैली हुई थी। जगह जगह बने गढ्ढे उसी तरह बने रह गए। शिकायत के बाद विभाग के अभियन्ता और टीम ने इसकी जांच भी की थी।
जांच टीम के सामने लोगों ने झाडू से काली सड़क की गिट्टी बटोर कर एक जगह कर दी थी। लोगों के सामने ठेकेदार से वसूली और सड़क को दोबारा बनाने के दावे किए थे लेकिन इसमे लीपापोती कर ठेकेदार को क्लीन चिट दे दी गयी।
सड़क की हालत बरसात के साथ इतनी बदतर हो गयी कि इस पर वाहनों की आवाजाही ही ठप हो गयी।
जगह जगह गढ्ढो के जलजमाव से लोगों का पैदल चलना मुश्किल हो गया।
इस मार्ग के किनारे जल जीवन मिशन की पाइप लाइन के लिए की गई खुदाई ने कोढ़ में खाज का काम कर दिया है। आलम यह है कि इस मार्ग की पटरियों पर चलना मुश्किल हो गया है। व्यापार मंडल अध्यक्ष पप्पू उपाध्याय ने जिला पंचायत संस्था की कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए संस्था के अध्यक्ष डॉ वी के सिंह से शिकायत दर्ज कराई थी लेकिन कोरे आश्वासन के अलावा इस भ्रष्टाचार पर उन्होने भी चुप्पी साध ली। व्यापारियों ने इस मार्ग को दोबारा बनाये जाने की मांग की है।
टिप्पणियाँ